नैनीताल। जनपद के दुर्गम विकासखंड ओखलकांडा के ग्रामीणों के लिए एक बड़ी और ऐतिहासिक खुशखबरी सामने आई है। आजादी के 78 साल बाद अब ग्राम सभा कटना के अंतर्गत आने वाले वारी गांव तक सड़क पहुंचने का सपना साकार होने जा रहा है। शासन ने कटना-वारी मोटर मार्ग (Katna Wari Motor Road) के निर्माण के लिए करीब 84 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है और इस संबंध में बाकायदा शासनादेश भी जारी हो गया है। दशकों लंबे इंतजार के बाद गांव के सड़क मार्ग से जुड़ने का रास्ता साफ होने पर समूचे क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी उत्साह और खुशी का माहौल है।
पहाड़ के दुर्गम भौगोलिक परिवेश में बसे वारी गांव के लोग आजादी के बाद से ही सड़क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित थे। मुख्य मोटर मार्ग से दूरी होने के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा की जिंदगी में बेहद कठिन चुनौतियों का सामना करना पड़ता था। गांव में यदि कोई व्यक्ति अचानक बीमार पड़ जाए या किसी गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाना हो, तो ग्रामीणों के पास मरीज को डंडी-कंडी (कंधे) पर लादकर या घोड़े-खच्चर के सहारे कई किलोमीटर पैदल चलकर मुख्य सड़क तक पहुंचाने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं था। आपातकालीन स्थिति में समय पर इलाज न मिल पाने का डर हमेशा ग्रामीणों को सताता रहता था।सड़क सुविधा के अभाव का सीधा असर क्षेत्र की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि पर भी पड़ रहा था। ओखलकांडा क्षेत्र के किसान अपनी मेहनत से फल, सब्जियां और अन्य नकदी फसलें उगाते हैं, लेकिन सड़क न होने के कारण उन्हें अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
ग्रामीणों के अनुसार, फसलों की ढुलान में ही उनकी आमदनी का एक बड़ा हिस्सा किराये के रूप में खर्च हो जाता था, जिससे किसानों को उनकी मेहनत का उचित मुनाफा नहीं मिल पाता था। इसके साथ ही, रोजमर्रा की राशन सामग्री और निर्माण सामग्री गांव तक ले जाना भी किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं था।ग्रामीणों की इस वर्षों पुरानी और जायज मांग को देखते हुए भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम सिंह कैड़ा ने इस दिशा में गंभीर प्रयास शुरू किए। पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क निर्माण की राह में सबसे बड़ी बाधा अक्सर वन भूमि हस्तांतरण और पर्यावरणीय स्वीकृति की होती है। विधायक कैड़ा ने निरंतर पैरवी करते हुए सबसे पहले वन एवं पर्यावरण विभाग से इस मोटर मार्ग के निर्माण के लिए आवश्यक स्वीकृति दिलाई।
वन विभाग की हरी झंडी मिलने के बाद उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित कर इस मार्ग की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करवाई।डीपीआर तैयार होने के बाद विधायक राम सिंह कैड़ा ने शासन स्तर पर लगातार समन्वय और प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप अब कटना-वारी मोटर मार्ग के निर्माण के लिए करीब 84 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हो गई है और शासनादेश भी जारी कर दिया गया है। शासनादेश जारी होने की सूचना मिलते ही वारी और कटना गांव के ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया और विधायक का आभार जताया।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर विधायक राम सिंह कैड़ा ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अब इस कार्य में किसी भी प्रकार की देरी न की जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी जल्द से जल्द टेंडर प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा करें और धरातल पर सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराएं, ताकि ग्रामीणों को इसका लाभ शीघ्र मिल सके। विधायक ने दोहराया कि उनका मुख्य लक्ष्य विधानसभा क्षेत्र के हर उस गांव और तोक को मुख्य सड़क मार्ग से जोड़ना है, जो अब तक इस बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। सड़क बनने से न केवल वारी गांव के लोगों का आवागमन सुगम होगा, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे और पलायन पर भी अंकुश लगेगा।
