Uttarakhand UP Asset Dispute: सीएम धामी ने योगी आदित्यनाथ से की मुलाकात, लंबित परिसंपत्ति विवादों के जल्द समाधान पर बनी सहमति

देहरादून/लखनऊ। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच लंबे समय से चले आ रहे परिसंपत्ति विवादों (Uttarakhand UP Asset Dispute) को सुलझाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया गया है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस उच्च स्तरीय बैठक में दोनों राज्यों के बीच सिंचाई विभाग सहित अन्य विभागों से जुड़े लंबित परिसंपत्ति विवादों के स्थायी समाधान को लेकर विस्तृत और सकारात्मक चर्चा की गई। इस अवसर पर उत्तराखंड के सिंचाई एवं कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:  Nainital News: हिमनद झीलों के फटने के खतरे पर महामंथन: केदारनाथ आपदा से सबक लेकर तैयार होगी भविष्य की रणनीति

वार्ता के दौरान दोनों राज्यों के बीच अब तक हुए समझौतों और निस्तारित मामलों की गहन समीक्षा भी की गई। बैठक में बताया गया कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की सरकारों के आपसी सहयोग, बेहतर तालमेल और सकारात्मक समन्वय के परिणामस्वरूप अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की परिसंपत्तियों से जुड़े विवादों का सफल समाधान किया जा चुका है। राज्य गठन के बाद से ही दोनों राज्यों के बीच कई महत्वपूर्ण संपत्तियों, जलाशयों, नहरों, भूमि और भवनों के बंटवारे को लेकर पेंच फंसा हुआ था, जिसे दोनों मुख्यमंत्रियों की सीधी पहल पर तेजी से सुलझाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:  सख्त भू-कानून का असर: नैनीताल जिले के इन गांवों में दर्जनों नाली जमीन प्रशासन ने कब्जे में ली

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जो अन्य लंबित प्रकरण अभी शेष रह गए हैं, उनके निस्तारण की प्रक्रिया भी प्रशासनिक स्तर पर तेजी से गतिमान है। इस महत्वपूर्ण बैठक में दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच इस बात पर पूर्ण सहमति बनी कि शेष बचे सभी प्रकरणों का भी यथाशीघ्र व्यावहारिक और सौहार्दपूर्ण समाधान निकाला जाएगा, ताकि दोनों राज्यों की विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े कार्यों को और अधिक गति मिल सके।

यह भी पढ़ें:  ठप हो सकती हैं पहाड़ की स्वास्थ्य सेवाएं! 10 सूत्रीय मांगों को लेकर सड़कों पर उतरीं उत्तराखंड आशा वर्कर्स

मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से निरंतर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने उत्तराखंड के विकास और लंबित मामलों के निस्तारण में सकारात्मक पहल और संवेदनशीलता दिखाने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हार्दिक आभार व्यक्त किया। राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इस मुलाकात को दोनों पड़ोसी राज्यों के बीच विकास और आपसी समन्वय को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाला कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *