सादे कपड़ों में पुलिस, चप्पे-चप्पे पर तीसरी आंख! नैनीताल नंदा देवी महोत्सव में खलल डालने वालों की अब खैर नहीं, एसपी खुद उतरे मैदान में

सरोवर नगरी नैनीताल में 18 सितंबर 2026 से 23 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक और विश्व प्रसिद्ध Maa Nanda Devi Mahotsav Nainital के सफल और भव्य आयोजन के लिए जिला पुलिस ने अपनी कमर कस ली है। इस महापर्व के दौरान देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो चुका है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के सख्त दिशा-निर्देशों के क्रम में आज एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने मल्लीताल स्थित गोवर्धन हॉल में मेला ड्यूटी में तैनात होने वाले सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग बैठक की। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल को सुरक्षा और अनुशासन के कड़े पाठ पढ़ाए।

एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने ब्रीफिंग के दौरान साफ किया कि मेला क्षेत्र में तैनात हर पुलिसकर्मी की विजिबिलिटी (दृश्यता) स्पष्ट होनी चाहिए। सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने टर्नआउट (यूनिफॉर्म और अनुशासन) को उच्चकोटि का बनाए रखें ताकि जनता में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बने। इसके साथ ही उन्होंने कड़े निर्देश दिए कि मंदिर परिसर में तैनात पुलिस बल मंदिर समिति के पदाधिकारियों के साथ आपसी समन्वय स्थापित करें। चूंकि यह महोत्सव गहरी आस्था और भक्ति का केंद्र है, इसलिए श्रद्धालुओं और पर्यटकों के साथ पुलिस का व्यवहार अत्यंत शालीन, विनम्र और मददगार होना चाहिए। नैनीताल पुलिस मीडिया सैल के अनुसार, प्रशासन का एकमात्र उद्देश्य मां नंदा देवी महोत्सव को पूरी भव्यता, सुरक्षा और शांति के साथ संपन्न कराना है।

यह भी पढ़ें:  डोला भ्रमण के लिए 23 सितंबर को अस्थायी रूप से खुलेगी नैनीताल की लोअर मॉलरोड, 10 अक्टूबर से दौड़ेंगे वाहन

भीड़ नियंत्रण और संदिग्धों पर पैनी नज़र

महोत्सव के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस को प्रभावी क्राउड कंट्रोल (भीड़ प्रबंधन) पर विशेष फोकस रखने को कहा गया है। मेले की आड़ में सक्रिय होने वाले जेबकतरों, उचक्कों और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए सादे वस्त्रों (एलआईयू) में भारी पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। पुलिस टीमें लगातार मेला क्षेत्र में मूवमेंट में रहेंगी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए तुरंत चेकिंग व फ्रिस्किंग (तलाशी) अभियान चलाएंगी।

यह भी पढ़ें:  नैनीताल झूला हादसा: सेल्फी का चक्कर या सुरक्षा में बड़ी चूक? मां-बच्चे के गिरने के बाद प्रशासन अलर्ट

हाईटेक सुरक्षा तंत्र: ड्रोन, सीसीटीवी और डॉग स्क्वॉड तैनात

मेले की सुरक्षा को हाईटेक बनाने के लिए मेला कंट्रोल रूम को पूरी तरह प्रो-एक्टिव मोड पर रखा गया है। पूरे मेला क्षेत्र और संवेदनशील स्थानों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता (BDS), अग्निशमन दल (Fire Brigade) और संचार टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। साथ ही, आसमान से निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जाएगा।

यातायात प्रबंधन के लिए बनेगा स्पेशल डायवर्जन प्लान

महोत्सव के दौरान सबसे बड़ी चुनौती नैनीताल की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखना है। इसके लिए निरीक्षक यातायात नैनीताल को मुख्य शोभा यात्रा और कदली वृक्ष के नगर भ्रमण के दौरान एक प्रभावी व सुगम यातायात डायवर्जन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल और तल्लीताल को अन्य कार्यदायी संस्थाओं के साथ मिलकर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया है ताकि पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को जाम की स्थिति से न जूझना पड़े।

यह भी पढ़ें:  Nainital news: मां नैना देवी मंदिर में 70वें दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियां तेज, DM ललित मोहन रयाल ने दिए सख्त निर्देश

बैठक में यह वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

ब्रीफिंग के दौरान एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने भी सभी ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों को अत्याधुनिक संचार व्यवस्था बनाए रखने और वायरलेस सेट के सही इस्तेमाल के संबंध में आवश्यक तकनीकी दिशा-निर्देश दिए। इस महत्वपूर्ण बैठक में सीओ नैनीताल श्रीमती अंजना, सीओ भवाली श्री रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल श्री राजेंद्र सिंह रावत, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस दूर संचार श्री राजकुमार बिष्ट, निरीक्षक श्री सुनील सिंह बिष्ट, अग्निशमन अधिकारी श्री देवेंद्र सिंह नेगी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मल्लीताल श्री दिनेश चंद्र जोशी और प्रभारी सम्मन सैल श्री मनोज नयाल समेत जिले के तमाम आला अधिकारी और पुलिस जवान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *