Governor Dr Dhal Singh Bisen Review Meeting: विकास कार्यों में तेजी और नशे पर सख्त लगाम लगाने के निर्देश

पंतनगर। उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने मंगलवार को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय पंतनगर के सभागार में ऊधम सिंह नगर और नैनीताल जनपद के प्रशासनिक, पुलिस और वन विभाग के शीर्ष अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। Governor Dr Dhal Singh Bisen Review Meeting में दोनों जनपदों के जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और प्रभागीय वनाधिकारियों ने अपने-अपने जिलों की भौगोलिक स्थिति, कानून-व्यवस्था और प्रमुख विकास परियोजनाओं की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।बैठक की शुरुआत में ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने पावर पॉइंट प्रस्तुतिकरण के माध्यम से जिले में संचालित विकास कार्यों और प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी राज्यपाल के समक्ष रखी।

उन्होंने बताया कि जिले में जनजातीय समाज के बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए दो एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय सफलतापूर्वक संचालित किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि किच्छा में सेटेलाइट एम्स का निर्माण कार्य पूरी तरह से पूरा हो चुका है और इसका संचालन जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त रुद्रपुर में मेडिकल कॉलेज और जिला चिकित्सालय में आधुनिक क्रिटिकल केयर सेंटर का निर्माण भी पूर्ण हो चुका है, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने आगे बताया कि जिले के मेधावी छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने हेतु नीट और जेईई की निःशुल्क कोचिंग व शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।

यह भी पढ़ें:  Bhimtal Udyog Mitra Samiti meeting 2026: भीमताल विकास भवन में उद्योग मित्र समिति की बैठक संपन्न, समस्याओं के निस्तारण के निर्देश; EO पर बिफरे CDO

पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए हर ब्लॉक, न्याय पंचायत और जिला स्तर पर पुस्तकालय संचालित किए जा रहे हैं। बुनियादी ढांचे के विकास पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने जानकारी दी कि कामकाजी महिलाओं के लिए सुरक्षित हॉस्टल, वेयरहाउस और काशीपुर में 10 एमएलडी क्षमता के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। शहर की यातायात और जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए रुद्रपुर और काशीपुर में व्यापक ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। रुद्रपुर रिंग रोड के बनने से शहरवासियों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिली है, जबकि काशीपुर बाइपास सड़क मार्ग का कार्य प्रगति पर है।

इसके साथ ही राज्य अतिथि गृह का निर्माण कार्य भी पूरा हो चुका है। बैठक में ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत जानकारी साझा की।इसके पश्चात नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अपने जनपद में चल रही महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं का ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की जीवनरेखा मानी जाने वाली जमरानी बांध परियोजना का कार्य तेजी से प्रगति पर है और इसे वर्ष 2029 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अलावा हल्द्वानी शहर के सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाएं सुधारने के लिए एडीबी (एशियाई विकास बैंक) के सहयोग से सड़क, फुटपाथ और ड्रेनेज के कार्य चल रहे हैं।

यह भी पढ़ें:  BD Pandey Hospital के पास खड़ी टैक्सियों के बीच मिला सात माह का मृत भ्रूण, जांच में जुटी पुलिस

पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को सुगम बनाने के लिए कैंचीधाम, कौसानी और बागेश्वर सड़क मार्ग के डामरीकरण का कार्य प्रगति पर है। पर्यटन सीजन में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नैनीताल, रामनगर और कैंचीधाम में बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कार्य किया जा रहा है। नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने जनपद की कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।दोनों जिलों की प्रस्तुति देखने के बाद Governor Dr Dhal Singh Bisen Review Meeting में अधिकारियों को जनहित से जुड़े मुद्दों पर कड़े निर्देश दिए गए। उन्होंने युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचाने के लिए नशे के कारोबार पर प्रभावी रोकथाम लगाने और सख्त कदम उठाने को कहा। सड़क सुरक्षा पर चिंता व्यक्त करते हुए राज्यपाल ने निर्देश दिए कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सड़कों पर ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए जाएं और राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटना की स्थिति में त्वरित राहत पहुंचाने के लिए चिन्हित स्थानों पर एंबुलेंस तैनात की जाएं।

यह भी पढ़ें:  नैनीताल के चार्ट बाजार में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा; मिठाई, मोमोज और मैदा के सैंपल सील, गंदगी पर क्रेजी चाइनीज हट को नोटिस

उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी पीएम-जनमन योजना का लाभ शत-प्रतिशत पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए। इसके साथ ही उन्होंने अवैध मदिरा की बिक्री और मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सघन अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की।इस महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक में जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति, एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी, प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अरविंद पांडेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके गोस्वामी और डॉ. रश्मि पंत सहित प्रशासन व पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *