छात्रसंघ चुनाव की आड़ में हुड़दंग किया तो खैर नहीं, खुद मोर्चे पर उतरे SSP नैनीताल

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित डीएसबी परिसर (DSB Campus Nainital) और एमबीपीजी कॉलेज (MBPG College) सहित समूचे जिले में छात्रसंघ चुनाव को लेकर नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। चुनाव के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. खुद मैदान में उतर चुके हैं। उनके सीधे निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद किया गया है, जिसके तहत राजपत्रित अधिकारियों (Gazetted Officers) ने खुद सड़कों पर उतरकर मोर्चा संभाल लिया है।

पुलिस ने साफ कर दिया है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आड़ में हुड़दंग, हिंसा या कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। छात्रसंघ निर्वाचन को पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. खुद मौका-मुआयना कर रहे हैं। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें:  Nainital Krishnapur Road Protest: गांधी जयंती पर बुनियादी हक के लिए फूटा जनता का गुस्सा, गांधी मूर्ति के सामने कृष्णापुर वासियों ने खोला मोर्चा, दी चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

एसएसपी का स्पष्ट संदेश है कि छात्रसंघ चुनाव एक गरिमामय लोकतांत्रिक प्रक्रिया है। इसमें बाहरी या अराजक तत्वों का किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप अथवा हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई भी व्यक्ति चुनाव की आड़ में छात्र-छात्राओं को डराने-धमकाने, उन पर दबाव बनाने या शांति व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास करेगा, तो पुलिस उसके खिलाफ तत्काल सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाएगी।

Nainital police checking hotels and vehicles during DSB Campus Nainital election

होटल-ढाबों पर सघन चेकिंग, चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा

चुनाव को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने पूरे शहर में सघन चेकिंग अभियान छेड़ दिया है। बाहरी तत्वों और संदिग्धों की धरपकड़ के लिए शहर के तमाम होटल, ढाबों, दुकानों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार चेकिंग की जा रही है।कॉलेज परिसरों के साथ-साथ उसके आसपास के पूरे इलाके में पैनी नजर रखी जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से कॉलेज गेट और संवेदनशील पॉइंट पर पुलिस बल तैनात है, जो आने-जाने वालों की सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग (Frisking) कर रहा है। इसके अलावा, पुलिस की मोबाइल टीमें (गश्ती दल) लगातार पूरे क्षेत्र में राउंड ले रही हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को तुरंत नियंत्रित किया जा सके।

यह भी पढ़ें:  ज्योलिकोट में जलजनित बीमारी का तांडव: IIT रुड़की और पंतनगर के वैज्ञानिकों ने किया निरीक्षण, STP सीवर लाइन शक के घेरे में

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर एक्शन: हटाई गई चुनाव सामग्री

डीएसबी परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लिंगदोह समिति के नियमों के उल्लंघन पर पुलिस और प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। नियमों को ताक पर रखकर लगाए गए अवैध पोस्टर, बैनर और प्रचार सामग्री को पुलिस ने अभियान चलाकर हटवा दिया है।

सड़कों के किनारे अवैध पार्किंग और अनावश्यक भीड़भाड़ को रोकने के लिए पुलिस लाउडस्पीकर और अनाउंसमेंट के माध्यम से लगातार कार्रवाई कर रही है। अनाउंसमेंट कर सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाया जा रहा है और लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए संवेदनशील कॉलेज क्षेत्रों को ‘जीरो जोन’ घोषित किया गया है, जहाँ बाहरी या अनावश्यक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।

यह भी पढ़ें:  काठगोदाम से नैनीताल और कैंची धाम तक बनेगा 14.9 किमी लंबा रोपवे; जानें रूट, किराया, स्टेशन और सभी 7 बड़े लाभ

सोशल मीडिया पर पुलिस की तीसरी आंख

धरातल पर पैनी सुरक्षा के साथ-साथ नैनीताल पुलिस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस की स्पेशल विंग सोशल मीडिया पर बारीक नजर रख रही है। चुनाव के दौरान माहौल बिगाड़ने वाली भड़काऊ पोस्ट, फर्जी खबरों या अफवाहों को फैलाने वालों को चिन्हित किया जा रहा है।

नैनीताल पुलिस की जनता और छात्रों से अपील

पुलिस प्रशासन ने छात्र-छात्राओं, कॉलेज प्रबंधन और आम जनता से अपील की है कि वे छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अफवाह, हुड़दंग अथवा अनावश्यक भीड़ का हिस्सा बनने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *