Haldwani Spa Center Raid: उत्तराखंड के हल्द्वानी क्षेत्र में स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे अवैध खेल और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने कमर कस ली है। एसएसपी (SSP) नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के सख्त निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने हल्द्वानी के विभिन्न स्पा सेंटरों में एक सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस छापेमारी से स्पा संचालकों में हड़कंप मच गया। नियमों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर पुलिस ने 06 स्पा सेंटरों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की है।
यह पूरी कार्रवाई महिला सुरक्षा और मानव तस्करी की रोकथाम के लिए गठित AHTU नैनीताल की प्रभारी, महिला उपनिरीक्षक श्रीमती सुनीता कुमार के नेतृत्व में अंजाम दी गई। पुलिस टीम ने जब हल्द्वानी क्षेत्र के स्पा सेंटरों में अचानक दबिश दी, तो वहां कई तरह की अनियमितताएं और कमियां पाई गईं। नियमों का उल्लंघन करने वाले 6 स्पा सेंटरों के विरुद्ध उत्तराखंड पुलिस एक्ट के तहत तत्काल चालान की कार्रवाई की गई और मौके पर ही ₹30,000/- का संयोजन शुल्क (जुर्माना) वसूला गया।
AHTU प्रभारी सुनीता कुमार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान स्पा सेंटरों में सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर भारी लापरवाही देखने को मिली। जांच में मुख्य रूप से दो बड़ी कमियां पाई गईं-
अधूरा ग्राहक रजिस्टर: स्पा सेंटरों के मुख्य रजिस्टर में आने वाले ग्राहकों का नाम, पता या मोबाइल नंबर जैसी पूर्ण डिटेल्स अंकित नहीं की गई थीं।
बिना पुलिस वेरिफिकेशन के कर्मचारी: स्पा सेंटरों में काम कर रहे थेरेपिस्ट और अन्य कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन (Verification) नहीं कराया गया था, जो सुरक्षा के लिहाज से बेहद खतरनाक है।
नैनीताल पुलिस ने इस कार्रवाई के माध्यम से सभी स्पा सेंटर संचालकों को कड़ा संदेश दिया है। पुलिस का कहना है कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को शासन और प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। यदि भविष्य में भी किसी स्पा सेंटर में बिना वेरिफिकेशन के कर्मचारी मिले या ग्राहकों की जानकारी छुपाई गई, तो उनके खिलाफ लाइसेंस निरस्तीकरण और सीलिंग जैसी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस के अनुसार, जिले में महिला सुरक्षा को पुख्ता करने और मानव तस्करी की संभावनाओं को पूरी तरह खत्म करने के लिए यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।