मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस पर नैनीताल में सांस्कृतिक उत्सव, सेंट जॉन्स और रामा मांटेसरी स्कूल रहे विजेता

नैनीताल। देवभूमि उत्तराखंड के CM Pushkar Singh Dhami के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर सरोवर नगरी नैनीताल के शैले हॉल (नैनीताल क्लब) में एक भव्य सांस्कृतिक उत्सव और समूह नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ‘संकल्प नए उत्तराखंड’ नाम से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘देवभूमि उत्तराखंड की लोक संस्कृति’ रखा गया था। इस कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट, विशिष्ट अतिथि विधायक सरिता आर्या, दर्जा राज्यमंत्री शांति मेहरा, संस्था अध्यक्ष मंजू रौतेला और तल्लीताल व्यापार मंडल अध्यक्ष मारुति नंदन साह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

उद्घाटन सत्र के बाद नैनीताल क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आए बच्चों ने उत्तराखंड की पारंपरिक लोक संस्कृति पर आधारित एक से बढ़कर एक सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किए। बच्चों की इन रंगारंग प्रस्तुतियों ने सभागार में उपस्थित सभी दर्शकों और अतिथियों का मन मोह लिया। इस दौरान पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दीर्घायु होने, स्वस्थ जीवन और प्रदेश की निरंतर प्रगति की कामना की। सांसद अजय भट्ट ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य में चल रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने उपस्थित युवाओं और छात्र-छात्राओं से उत्तराखंड के चहुंमुखी विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ने की अपील की। विधायक सरिता आर्या ने मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देवभूमि की जनता के कल्याण और सेवा के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए।

यह भी पढ़ें:  हल्द्वानी में युवाओं से बोले नितिन नवीन: सिर्फ नौकरी तलाशने वाले न बनें, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाले बनें; युवा संवाद में गूंजा पलायन का मुद्दा

इन्होंने जीती प्रतियोगिता की ट्रॉफी

कार्यक्रम के आयोजक सचिव हरीश राणा ने प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा की। प्राथमिक श्रेणी में सेंट जॉन्स स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, निर्मला स्कूल गेठिया दूसरे और मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर तीसरे स्थान पर रहा। प्राथमिक विद्यालय बड़ा बाजार को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। जूनियर श्रेणी में रामा मांटेसरी स्कूल ने बाजी मारते हुए पहला स्थान हासिल किया। राष्ट्रीय शहीद सैनिक निशांत को दूसरा और मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर को तीसरा स्थान मिला, जबकि सरस्वती विद्या मंदिर को सांत्वना पुरस्कार से संतोष करना पड़ा। वरिष्ठ श्रेणी में मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर ने प्रथम, राष्ट्रीय शहीद सैनिक निशांत ने द्वितीय और मोहन लाल साह बालिका इंटर कॉलेज ने तृतीय स्थान झटका। वरिष्ठ श्रेणी में 5 यूके नेवल एनसीसी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

यह भी पढ़ें:  देवभूमि में गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं...' नैनीताल नंदा देवी महोत्सव में पूजा के बाद सीएम धामी का बड़ा बयान, अतिक्रमण पर कही ये बात

महिला समूहों ने बिखेरे संस्कृति के रंग

प्रतियोगिता को निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए निर्णायक मंडल में कनिका रावत राणा और सुप्रीता साह शामिल रहीं। कार्यक्रम के समापन सत्र में सांसद अजय भट्ट और दर्जा राज्यमंत्री भावना मेहरा ने सभी विजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व कौशल की सराहना करते हुए कहा कि राज्य हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रतियोगिता के दौरान क्षेत्र के विभिन्न महिला समूहों जैसे जागृति समूह, मां पाषाण देवी महिला समूह, नैनी महिला जागृति समूह और नारी शक्ति महिला समूह की महिलाओं ने भी लोक नृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। पूरे मंच का सफल संचालन नीरज बिष्ट ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष दया पोखरिया, आशीष साह, मुकेश रावत सहित सैकड़ों शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:  ठप हो सकती हैं पहाड़ की स्वास्थ्य सेवाएं! 10 सूत्रीय मांगों को लेकर सड़कों पर उतरीं उत्तराखंड आशा वर्कर्स

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *