नैनीताल। Nainital Mela Accident नैनीताल में आयोजित हो रहे प्रसिद्ध नंदा देवी मेले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहाँ शहर के ऐतिहासिक खेल मैदान स्थित मेला परिसर में झूला झूलते समय एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में करीब 10 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गई। हादसे के वक्त महिला की गोद में उसका मासूम बच्चा भी था। गनीमत यह रही कि इस खौफनाक हादसे में बच्चे को कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। उसे बीडी पांडे अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बिठौरिया (हल्द्वानी) की रहने वाली 32 वर्षीय ज्योति बिष्ट शनिवार देर शाम नंदा देवी मेला देखने के लिए नैनीताल आई थीं। मेला परिसर में मनोरंजन के लिए वह अपने बच्चे को गोद में लेकर एक झूले पर बैठी थीं। झूला जब हवा में था, तभी अचानक ज्योति करीब 10 फीट की ऊंचाई से असंतुलित होकर सीधे जमीन पर आ गिरीं। मां ने गिरते समय भी अपने बच्चे को कसकर पकड़े रखा, जिसके कारण मासूम बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद मेला परिसर में चीख-पुकार मच गई और आनन-फानन में लोगों ने महिला को अस्पताल पहुंचाया।
घायल महिला को तुरंत नैनीताल के बीडी पांडे जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के डॉक्टर प्रशांत ओली ने बताया कि ऊंचाई से गिरने के कारण महिला के हाथ में फ्रैक्चर आया है और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें लगी हैं। अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद, महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल, जांच में जुटी पुलिस
इस हादसे ने मेले में जिला प्रशासन और झूला संचालकों द्वारा किए गए सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे के कारणों को लेकर फिलहाल विवाद बना हुआ है। झूला संचालक का दावा है कि महिला झूले पर बैठकर सेल्फी ले रही थी और उसी दौरान असंतुलित होकर गिरी। वहीं दूसरी ओर, मेले में आए लोगों का कहना है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी और झूले की खराबी के कारण यह हादसा हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन एक्टिव हो गया है। मल्लीताल कोतवाल राजेंद्र रावत ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स को मौके पर भेजा गया है। पुलिस ने झूला संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।