Lalkuan Police: सामाजिक कार्यकर्ता को जान से मारने की धमकी, कोतवाली में प्रदर्शन

Lalkuan Police क्षेत्रांतर्गत अवैध खनन, अनियंत्रित ओवरलोडिंग और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सक्रिय रहने वाले सामाजिक कार्यकर्ता पीयूष जोशी को जान से मारने, अपहरण करने, घर में जबरन वाहन घुसाने तथा 60 से 65 हजार रुपये की रंगदारी मांगने की खुली धमकी मिलने का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना से आक्रोशित क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों, छात्र नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने कोतवाली लालकुआं पहुंचकर वरिष्ठ उपनिरीक्षक (एसएसआई) दीपक बिष्ट से मुलाकात की और मामले की विस्तृत लिखित तहरीर सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ तत्काल कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग उठाई। लालकुआं कोतवाली पहुंचे इस प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में जनहित की आवाज उठाने वालों को दबाने का प्रयास किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पुलिस को इस मामले में तुरंत सख्त कदम उठाने होंगे।

सौंपी गई तहरीर के अनुसार, बीते रोज आबादी वाले संकरे ग्रामीण क्षेत्र में क्षमता से अधिक भार भरकर तेज व अनियंत्रित गति से जा रहे एक भारी डंपर को ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिगत रोका गया था। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहन की अनियंत्रित गति पर आपत्ति जताई थी। इसके बाद इस पूरे मामले की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को दी गई। सूचना पर Lalkuan Police द्वारा त्वरित रूप से वैधानिक प्रक्रिया के तहत विधिक कार्रवाई अमल में लाई गई और संबंधित ओवरलोड वाहन को सीज कर दिया गया।

यह भी पढ़ें:  पहाड़ों की यात्रा से पहले नोट कर लें हल्द्वानी का ट्रैफिक डायवर्जन प्लान, वीकेंड पर बदला रूट; भारी वाहनों की नो-एंट्री

पुलिस की इस सख्त विधिक कार्रवाई के बाद से ही आरोपी पक्ष बुरी तरह बौखला गया। वाहन सीज किए जाने की इसी कार्रवाई से बौखलाए आरोपी पंकज कोरंगा ने फोन पर सामाजिक कार्यकर्ता के साथ बेहद भद्दी और अमर्यादित गाली-गलौज की। आरोपी ने सीज वाहन पर लगे लगभग 60 से 65 हजार रुपये के जुर्माने की भरपाई प्रार्थी से जबरन वसूलने की बात कहते हुए रास्ते में मिलने पर जानलेवा हमला करने, बांधकर उठा ले जाने और घर के आवासीय परिसर में दर्जनों गाड़ियां घुसाकर संपत्ति को तहस-हस करने की सीधी धमकी दी, जिसके पुख्ता ऑडियो साक्ष्य व कॉल विवरण भी पुलिस को सौंप दिए गए हैं।

कोतवाली परिसर में तहरीर सौंपने के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता पीयूष जोशी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हमारे द्वारा जनहित व लोक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूर्ण रूप से वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए पुलिस प्रशासन को समय रहते संपूर्ण तथ्यों से अवगत करा दिया गया है। उन्होंने माहौल की गंभीरता को देखते हुए कहा कि पुलिस को अपनी कानूनी शक्तियों का प्रयोग कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखनी चाहिए।

यह भी पढ़ें:  Prakruthi Recycling Private Limited Nainital ने विभिन्न स्कूलों में बांटे मुफ्त बैग, खिले बच्चों के चेहरे

जोशी ने दो टूक शब्दों में कहा कि ऐसे में यदि इस दौरान मेरे अथवा मेरे परिवार के ऊपर कोई जानलेवा हमला होता है या किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटित होती है, तो उसकी संपूर्ण और सीधी जिम्मेदारी Lalkuan Police और प्रशासन की होगी, क्योंकि पुलिस को पूर्व में ही लिखित रूप से सचेत कर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की जा चुकी है। उन्होंने मांग की कि मामले के साक्ष्यों को देखते हुए पुलिस को सुरक्षात्मक कदम भी उठाने चाहिए।

इस दौरान मौके पर मौजूद व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप पांडे, कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख कमल भंडारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय रोहित दुमका, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रिंस भारद्वाज, पूर्व छात्र महासंघ उपाध्यक्ष सचिन फुलारा, पूर्व युवक मंगल दल अध्यक्ष कैलाश भट्ट, छात्र नेता हिमांशु कुनियाल, उप ग्राम प्रधान कपिल राणा और विकास गुप्ता सहित दर्जनों स्थानीय लोगों ने एक सुर में घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। सभी उपस्थित पदाधिकारियों ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि सामाजिक सरोकारों व जनहित की आवाज उठाने वाले कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने का दुस्साहस कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद आवश्यक है।

यह भी पढ़ें:  उत्तराखंड: ज्योलीकोट में जलजनित बीमारी का कहर, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने पीड़ितों से मिलकर जताया दर्द; मुआवजे का ऐलान

प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन को तीन दिनों का स्पष्ट अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि तय समय-सीमा के भीतर नामजद आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर कठोर दंडात्मक धाराओं में विधिक कार्यवाही अमल में नहीं लाई गई, तो तीन दिन बाद क्षेत्र के सभी व्यापारिक, सामाजिक और छात्र संगठन लामबंद होकर कोतवाली व प्रशासनिक मुख्यालय पर उग्र आंदोलन और धरने पर बैठने को बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। आंदोलन की इस खुली चेतावनी के बाद क्षेत्र में प्रशासनिक हलचल भी तेज हो गई है। वहीं Lalkuan Police के एसएसआई दीपक बिष्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच कर शीघ्र ठोस विधिक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *