नैनीताल में पर्यटकों से बड़ी ठगी: ट्रेन में दोस्ती कर होटल के कमरे में किया बंद, नगदी और मोबाइल लेकर फरार

Nainital Tourist Loot देवभूमि उत्तराखंड के प्रसिद्ध बाबा नीम करोली महाराज के धाम ‘कैंची धाम’ के दर्शन करने आ रहे उत्तर प्रदेश के पर्यटकों के साथ नैनीताल में एक सनसनीखेज ठगी और चोरी का मामला सामने आया है। सफर के दौरान ट्रेन में बने एक अनजान ‘मित्र’ ने पर्यटकों को न सिर्फ हजारों रुपये और कीमती सामान की चपत लगाई, बल्कि वारदात को अंजाम देने के बाद उन्हें होटल के कमरे में ही बाहर से बंद कर फरार हो गया। इस घटना के बाद पीड़ितों ने तल्लीताल थाने में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के शामली जिले के हसनपुरी निवासी शिवम कुमार अपने तीन अन्य दोस्तों—मुकुल सैनी, चंकी कुमार और चेतन कुमार के साथ ट्रेन के जरिए कैंची धाम दर्शन के लिए आ रहे थे। सफर के दौरान जब ट्रेन मुरादाबाद क्षेत्र में पहुंची, तो वहां एक अज्ञात युवक उनके कोच में सवार हुआ। आपसी बातचीत के दौरान उस युवक ने अपना नाम ‘दीपक’ बताया। बातों-बातों में उसने पर्यटकों को विश्वास में ले लिया और कहा कि वह भी बाबा नीम करोली के दर्शन के लिए ही कैंची धाम जा रहा है। लंबा सफर होने के कारण चारों पर्यटकों की उस युवक से गहरी दोस्ती हो गई।

यह भी पढ़ें:  डोला भ्रमण के लिए 23 सितंबर को अस्थायी रूप से खुलेगी नैनीताल की लोअर मॉलरोड, 10 अक्टूबर से दौड़ेंगे वाहन

काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद, पांचों लोग एक साथ नैनीताल पहुंचे। यहां उन्होंने रात गुजारने और सुबह तड़के कैंची धाम के लिए प्रस्थान करने की योजना बनाई। इसके लिए उन्होंने तल्लीताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक स्थानीय होटल में कमरा किराए पर लिया। दिनभर घूमने के बाद सभी दोस्त रात को कमरे में सो गए। रात करीब एक बजे, जब चारों पर्यटक गहरी नींद में थे, तब शातिर आरोपी दीपक ने अपनी असली साजिश को अंजाम दिया।

यह भी पढ़ें:  नैनीताल में खोई मुरादाबाद के पर्यटक की 5 वर्षीय मासूम, देवदूत बने कांस्टेबल ने खोजकर मां को सौंपा

आरोपी ने कमरे में रखे चारों पर्यटकों के कीमती मोबाइल फोन उठा लिए। इसके साथ ही उसने मोबाइल कवर में रखे ₹3,500 की नगदी, बैग की तलाशी लेकर उसमें रखे ₹10,000 कैश और एक चांदी की चेन पर भी हाथ साफ कर दिया। पर्यटकों का पीछा करने से रोकने के लिए शातिर चोर ने कमरे से निकलते वक्त बाहर से कुंडी (दरवाजा) भी लॉक कर दी और रात के अंधेरे में ही रफूचक्कर हो गया।

सुबह खुला राज, पुलिस जांच में जुटी

सुबह जब पर्यटकों की नींद खुली, तो उन्होंने दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन वह बाहर से बंद था। इसके बाद उन्होंने आवाज लगाकर होटल कर्मियों को बुलाया। होटल स्टाफ ने जब बाहर से कुंडी खोली तो पर्यटकों के होश उड़ गए। कमरे के अंदर से उनका मोबाइल, ₹13,500 की नगदी और चांदी की चेन गायब थी। होटल कर्मियों से पूछताछ और आसपास तलाश करने के बाद भी आरोपी दीपक का कहीं कोई सुराग नहीं मिला।

यह भी पढ़ें:  नंदा देवी महोत्सव: कल नैनीताल, भवाली और भीमताल में बंद रहेंगे सभी स्कूल और कॉलेज, DM ने जारी किए सख्त आदेश

पीड़ितों ने तुरंत तल्लीताल थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी और तहरीर सौंपी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तल्लीताल कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। होटल और उसके आसपास के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *