Film PYRE Free Screening Nainital: राम लाल एंड ब्रदर्स के 125 वर्ष पूरे होने पर फिल्म ‘चिता’ का निशुल्क प्रदर्शन, पलायन रोकने के लिए प्रोएक्टिव टूरिज्म पॉलिसी की उठी मांग

नैनीताल, 15 नवंबर 2026:सरोवर नगरी नैनीताल के प्रतिष्ठित संस्थान राम लाल एंड ब्रदर्स के गौरवशाली 125 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक उपलक्ष्य में रविवार को आम जनता के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता व निर्देशक विनोद कापड़ी की चर्चित फिल्म ‘PYRE’ (चिता) का निशुल्क प्रदर्शन किया गया। Film PYRE Free Screening Nainital के इस विशेष आयोजन को शहरवासियों का जबरदस्त समर्थन मिला और 200 से अधिक दर्शकों की मौजूदगी के साथ पूरा शो हाउसफुल रहा। राम लाल एंड ब्रदर्स नैनीताल तथा मां नैना देवी नैनीताल व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सबसे गंभीर समस्या ‘पलायन’ के खिलाफ समाज और विशेषकर युवाओं को जागरूक करना था।

अपनी जड़ों से जुड़ें युवा, पहाड़ में हैं अपार संभावनाएं

इस अवसर पर पुनीत टंडन ने अपने संदेश में कहा कि नैनीताल सहित पूरे उत्तराखंड का मूल मुद्दा पलायन आज एक गंभीर बीमारी का रूप ले चुका है, जो वर्षों से लगातार बड़ा आकार ले रही है। उन्होंने कहा कि फिल्म ‘PYRE’ के माध्यम से समाज को यह महत्वपूर्ण संदेश देने का प्रयास किया गया है कि हम अपनी जड़ों से दोबारा जुड़ें। आज के युवाओं को यह समझना होगा कि उनके अपने ही राज्य, अपने शहर और अपने गांव में रहकर आगे बढ़ने की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।

यह भी पढ़ें:  नैनीताल में नंदा-सुनंदा महोत्सव की धूम: रात 12 बजे स्थापित हुईं दिव्य मूर्तियां, आज तड़के दर्शन के लिए उमड़ेगी भक्तों की भारी भीड़

पुनीत टंडन ने कहा कि आधुनिक परिवेश में लोगों के बीच आपसी जुड़ाव लगातार कम होता जा रहा है, जो पलायन और अलगाव का एक बड़ा कारण है। यदि समाज में आपसी संवाद और कनेक्ट फिर से स्थापित होगा, तो नई संभावनाएं चर्चा बनकर विकास का प्रकाश फैला सकती हैं। इसी दिशा में नैनीताल के लोगों को एक साथ जोड़ने का यह छोटा सा प्रयास किया गया है।

‘युवा प्रदेश को बुजुर्ग बनाया जाना कतई स्वीकार नहीं’

नीति निर्माताओं और शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए पुनीत टंडन ने कड़े शब्दों में कहा कि आज हमारे युवा प्रदेश (यंग स्टेट) को पलायन की मार से बुजुर्ग बनाया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उच्च पदों पर बैठे नीति निर्माताओं को अब इस दिशा में गंभीरता से ठोस कदम उठाने होंगे। राज्य सरकार को पलायन रोकने के लिए इसे अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता (टॉप प्रायोरिटी) बनाते हुए प्रभावी नीति तैयार करनी चाहिए।

यह भी पढ़ें:  Nainital News: नैनीताल में पर्यटकों की भीड़ से गुलजार हुईं वादियां, वीकेंड पर मौसम बदलने से कारोबारी खुश

प्रोएक्टिव टूरिज्म पॉलिसी और होम-स्टे की अनदेखी पर जताया खेद

उत्तराखंड के आर्थिक और पर्यटन विकास पर बात करते हुए पुनीत टंडन ने कहा कि राज्य में एक सृजनात्मक और प्रोएक्टिव टूरिज्म पॉलिसी का होना अत्यंत आवश्यक है, जिसका मुख्य केंद्र बिंदु पलायन की समस्या का समाधान हो। उन्होंने इस बात पर गहरा खेद और नाराजगी जताई कि अब तक इस तरह की दूरदर्शी नीति नहीं बनाई गई, जबकि यह प्राथमिकता कई वर्ष पहले तय हो जानी चाहिए थी।उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि होम-स्टे कॉन्सेप्ट को वर्षों पहले प्राथमिकता के साथ लागू किया गया होता, तो पहाड़ की अनेक खूबसूरत और अनछुई जगहों को देश-विदेश के मानचित्र पर पहुंचाया जा सकता था। यदि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को सही प्रशिक्षण और आधुनिक तकनीक से जोड़कर अपने ही गांव को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने की प्रेरणा दी जाती, तो आज उत्तराखंड का गांव-गांव न केवल विश्व प्रसिद्ध होता, बल्कि देश के लिए विदेशी मुद्रा अर्जित करने का बड़ा केंद्र भी बन चुका होता।

यह भी पढ़ें:  जब सुखाताल के मंच पर गूंजा 'जय श्रीराम', मुस्लिम युवकों ने केवट और गुरु वशिष्ठ बन जीता सबका दिल; मिसाल है नैनीताल की यह रामलीला

युवा शक्ति को आगे आकर संभालनी होगी कमान

पुनीत टंडन ने विश्वास जताया कि समय अभी भी हाथ से नहीं निकला है और सही प्रयासों से राज्य को इस संकट से उबारा जा सकता है। इसके लिए उत्तराखंड की युवा शक्ति को स्वयं आगे आकर दृढ़ता के साथ अपनी बात रखनी होगी। उन्होंने कहा कि जब युवा ठान लेंगे, तो सब कुछ संभव है और पहाड़ की रौनक फिर से लौटाई जा सकती है।

निर्देशक विनोद कापड़ी ने नैनीताल की जनता का जताया आभार

कार्यक्रम के समापन पर पुनीत टंडन ने फिल्म के निशुल्क शो में भारी संख्या में पहुंचने के लिए नैनीताल की जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने जानकारी दी कि फिल्म के निर्माता एवं निर्देशक विनोद कापड़ी ने भी एक व्यक्तिगत संदेश भेजकर नैनीताल के सभी दर्शकों को धन्यवाद दिया है। पुनीत टंडन ने बताया कि उनका प्रयास है कि आने वाले समय में नैनीताल में इस फिल्म का कम से कम एक और शो आयोजित किया जाए, ताकि शहर के अन्य नागरिक भी इस संवेदनशील और प्रेरक फिल्म को देख सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *