Nainital News: Nainital Nagar Palika परिषद की अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल से आज जनहित संस्था नैनीताल के एक शिष्टमंडल ने जन समुदाय से जुड़े मुद्दों पर अग्रेतर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुलाकात की। संस्था के अध्यक्ष सुरेन्द्र चौधरी के मार्गनिर्देशन, संरक्षक जगमोहन सिंह बिष्ट व कार्यकारी अध्यक्ष दिव्या शाह के नेतृत्व में यह मुलाकात अध्यक्ष महोदया के कार्यालय कक्ष में संपन्न हुई। शिष्टमंडल ने मुलाकात के दौरान स्थानीय जनसामान्य और नगर की बुनियादी व्यवस्थाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उनके समक्ष रखा।
इस बैठक के दौरान स्थानीय स्तर पर बने अनेक शौचालयों की स्थिति पर विशेष रूप से बातचीत की गई। शिष्टमंडल द्वारा पुनः अनुरोध किया गया कि नगर के विभिन्न शौचालयों में काफी समय से गंदगी और दुर्गंध पाई जा रही है, जिसके निराकरण के लिए तुरंत कार्रवाई किए जाने की अत्यंत आवश्यकता है। इसके साथ ही संस्था ने अध्यक्ष महोदया के सम्मुख यह बात भी रखी कि वर्तमान में यदि और भी कोई बंद शौचालय हैं, तो उन्हें जनसामान्य की सुविधा के लिए खोला जाना उचित होगा।वार्ता के दौरान बीएम साह पार्क के समीप एक सुलभ शौचालय का निर्माण किए जाने के संबंध में भी स्थिति स्पष्ट की गई। संस्था के पदाधिकारियों ने अवगत कराया कि इस सुलभ शौचालय को निर्मित करने के विषय में विगत वर्ष नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष के निर्देशों पर एक साझा कदम उठाया गया था। तब संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों व नगरपालिका के अभियंता द्वारा बीएम साह पार्क के सम्मुख स्थल निरीक्षण भी किया गया था, परंतु इस संबंध में अभी तक कोई कार्रवाई अमल पर नहीं लाई गई है।
इस विषय पर अपनी बात रखते हुए Nainital Nagar Palika परिषद की अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल द्वारा शिष्टमंडल को अवगत कराया गया कि उक्त स्थान पर पर्याप्त जगह न होने के कारण वर्तमान में शौचालय बनाया जाना संभव नहीं हो पा रहा है। इस पर संस्था के शिष्टमंडल द्वारा सुझाव दिया गया कि उक्त स्थान का पुनः स्थल निरीक्षण किया जाए। साथ ही पुरानी पत्रावली में यदि कोई स्थिति लंबित हो, तो उसे विशेष रूप से ध्यान में रखते हुए इस प्रकरण को दोबारा देखा जाए। संस्था के इस अनुरोध पर अध्यक्ष महोदया ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए इस प्रकरण पर पुनः सकारात्मक कार्रवाई किए जाने की बात कही।
इसके अलावा बैठक में माल रोड पर ई-रिक्शाओं के रात्रि में संचालन को बंद किए जाने के संबंध में भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस विषय पर नगरपालिका अध्यक्ष ने एक महत्वपूर्ण सुझाव दिया कि ई-रिक्शाओं के यूनियन, पालिका परिषद अध्यक्ष व संस्था के पदाधिकारियों की एक संयुक्त बैठक सन्निकट आयोजित की जाए। इस त्रिपक्षीय बैठक के माध्यम से उचित निर्णय लिए जाने का प्रयास किया जाएगा और जो भी निर्णय होगा, तदनुसार संस्था को भी अवगत कराया जाएगा। इस शिष्टमंडल में महासचिव महेश चन्द्र आर्य, ममता शाह व भुवन कुमार उपस्थित थे।
