रामगढ़/लालकुआं (Nainital News)। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाने और डेयरी व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ (आंचल डेयरी) लगातार धरातल पर कार्य कर रहा है। इसी क्रम में नैनीताल जनपद के रामगढ़ ब्लॉक के अंतर्गत आने वाली दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति दुबखड़ में एक भव्य बोनस वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के जरिए दुबखड़ क्षेत्र के दर्जनों दुग्ध उत्पादक परिवारों को लाभांश की राशि (बोनस) सीधे वितरित की गई, जिससे क्षेत्र के किसानों और पशुपालकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
इस विशेष अवसर पर मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में दुग्ध व्यवसाय की रीढ़ मानी जाने वाली दुग्ध उत्पादक माताओं एवं बहनों के साथ खुशियां साझा की गईं। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने पर्वतीय क्षेत्र की विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद पशुपालन और दुग्ध व्यवसाय को जीवित रखने में महिलाओं के महत्वपूर्ण योगदान, उनकी दिन-रात की मेहनत और समर्पण की मुक्तकंठ से सराहना की।
दुबखड़ में आयोजित इस बोनस वितरण कार्यक्रम को क्षेत्र के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारियों का सानिध्य मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व ब्लॉक प्रमुख (रामगढ़) श्री लाखन सिंह नेगी जी उपस्थित रहे। उनके साथ ग्राम प्रधान श्रीमती रेखा रैकवाल जी, दुग्ध संघ के संचालक मंडल सदस्य श्री थान सिंह बिष्ट जी, दुबखड़ समिति के अध्यक्ष दिवान सिंह थापा जी एवं पूर्व ग्राम प्रधान श्री नारायण दत्त जी ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व ब्लॉक प्रमुख लाखन सिंह नेगी ने कहा कि उत्तराखंड के पहाड़ों में पशुपालन और दुग्ध उत्पादन केवल एक व्यवसाय नहीं, बल्कि आजीविका का सबसे बड़ा सहारा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और डेयरी विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के नेतृत्व में चलाई जा रही योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि जब दुग्ध उत्पादकों को उनके पसीने की कमाई का लाभांश समय पर मिलता है, तो सहकारिता के प्रति उनका विश्वास और अधिक मजबूत होता है। वहीं ग्राम प्रधान रेखा रैकवाल ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि आंचल डेयरी के माध्यम से आज पहाड़ की महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।
दुग्ध संघ के अधिकारियों ने दी विभागीय योजनाओं की जानकारी
कार्यक्रम में केवल बोनस का वितरण ही नहीं हुआ, बल्कि लालकुआं स्थित नैनीताल दुग्ध संघ के मुख्य कार्यालय से आए प्रशासनिक और तकनीकी अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं से रूबरू कराया। दुग्ध संघ की ओर से P&I प्रभारी सुभाष बाबू, क्षेत्र प्रबंधक (FO) शांति कोरंगा जी, प्रभारी पर्वतीय क्षेत्र श्री हरीश आर्या, नीमा शाह एवं विजय जलाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
विभागीय अधिकारियों ने दुग्ध उत्पादकों को दुग्ध की फैट और एसएनएफ (SNF) गुणवत्ता बढ़ाने, वैज्ञानिक तरीके से पशु पोषण, स्वच्छ दुग्ध उत्पादन और दुग्ध संघ द्वारा दी जाने वाली विभिन्न प्रकार की सब्सिडियों (अनुदान) की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि दुग्ध उत्पादकों के हितों की रक्षा और उन्हें दूध का सही मूल्य दिलाना संघ की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उत्तराखंड के पर्वतीय अंचलों में घास-लकड़ी और पशुपालन का अधिकांश जिम्मा महिलाओं के कंधों पर होता है। दुबखड़ समिति के इस कार्यक्रम में उपस्थित सभी सम्मानित दुग्ध उत्पादक माताओं और बहनों के कठिन परिश्रम को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। दुग्ध संघ और स्थानीय प्रबंधन द्वारा उनके सुखद, समृद्ध एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। वक्ताओं ने कहा कि जब एक महिला आर्थिक रूप से सशक्त होती है, तो पूरा परिवार और समाज प्रगति करता है।
आंचल डेयरी और नैनीताल दुग्ध संघ का अटूट संकल्प
लालकुआं स्थित अत्याधुनिक दुग्ध संयंत्र के माध्यम से संचालित नैनीताल दुग्ध संघ अपने प्रसिद्ध ब्रांड ‘आंचल’ के जरिए उपभोक्ताओं तक शुद्ध दुग्ध उत्पाद पहुंचा रहा है। इसके साथ ही संघ अपने समस्त दुग्ध उत्पादक परिवारों के आर्थिक सशक्तिकरण, खुशहाली एवं निरंतर विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।दुबखड़ में संपन्न हुआ यह बोनस वितरण कार्यक्रम इसी प्रतिबद्धता का एक जीवंत उदाहरण है। दुग्ध संघ के इस कदम से न केवल वर्तमान उत्पादकों को लाभ मिला है, बल्कि क्षेत्र के अन्य ग्रामीण भी अब डेयरी व्यवसाय से जुड़ने के लिए प्रेरित हो रहे हैं, जो भविष्य में इस क्षेत्र में एक नई श्वेत क्रांति का आधार बनेगा।
