हल्द्वानी/काठगोदाम: Kainchi Dham Traffic Jam से हर वीकेंड परेशान होने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय जनता के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। कैंचीधाम और उत्तराखंड के अन्य पर्वतीय मार्गों पर लगातार लग रहे इस भीषण Kainchi Dham Traffic Jam की समस्या पर अब केंद्र सरकार ने बेहद सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री, भारत सरकार अजय टम्टा ने शनिवार को सर्किट हाउस, काठगोदाम में पुलिस, आरटीओ (RTO), राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) और लोक निर्माण विभाग (PWD) के उच्च अधिकारियों के साथ एक आपात समीक्षा बैठक की। पिछले सप्ताह कैंचीधाम में लगे लंबे जाम पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को दो टूक चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा बर्दाश्त नहीं की जाएगी
मंदिर प्रशासन के साथ समन्वय: सुबह 4 बजे खुलेगा कैंचीधाम, प्रवेश-निकास मार्ग होंगे अलग
बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने कहा कि कैंचीधाम में हर दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिनके सही प्रबंधन (Crowd Management) की सख्त जरूरत है। उन्होंने अधिकारियों को मंदिर प्रशासन के साथ तत्काल समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।मंत्री ने सुझाव दिया कि कैंचीधाम मंदिर को वर्तमान समय प्रातः 6 बजे के स्थान पर प्रातः 4 बजे खोला जाए, ताकि सुबह के समय ही भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। इसके अलावा, वर्तमान में मंदिर में आने-जाने के लिए एक ही मार्ग होने के कारण हाईवे पर भारी भीड़ जुट जाती है। इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए मंदिर में प्रवेश का एक अलग मार्ग और निकासी (Exit) का दूसरा मार्ग पार्किंग की तरफ से निकालने का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है, जिससे मुख्य सड़क पर वाहनों और पैदल यात्रियों का दबाव कम होगा।
पर्वतीय यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग और टू-लेन प्रोजेक्ट्स
अजय टम्टा ने कहा कि कैंचीधाम में लगने वाले जाम से सबसे ज्यादा परेशानी अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर और अन्य पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले यात्रियों को होती है। इस आपात स्थिति से निपटने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को निम्नलिखित वैकल्पिक मार्गों (Alternative Routes) के प्रस्ताव जल्द से जल्द तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं –
- क्वारब से तल्ला रामगढ़ मार्ग: इस व्यस्त मार्ग को टू-लेन (Two-Lane) करने के लिए डीपीआर और प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
- कैंचीधाम से हड़तप्पा मार्ग: इस नए वैकल्पिक मार्ग का प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने को कहा गया है।
- सैनिटोरियम से पाटलीगाँव मार्ग: पाटलीगाँव से रातीघाट सड़क की बदहाली पर मंत्री ने गहरी नाराजगी जताई और सैनिटोरियम से पाटलीगाँव सड़क की तुरंत मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि वाहनों का डायवर्जन सुचारू रूप से किया जा सके।
- रूट डायवर्जन: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को निर्देश दिए गए हैं कि पहाड़ों की ओर जाने वाले अतिरिक्त वाहनों को ज्योलीकोट होते हुए डायवर्ट किया जाए।
रानीबाग तिराहे पर बनेगा ‘वैली ब्रिज’, गुलाबघाटी का होगा चौड़ीकरण
समीक्षा बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि रानीबाग स्थित भीमताल-नैनीताल तिराहे पर वाहनों के अत्यधिक दबाव के कारण हर वीकेंड पर भयंकर जाम लग जाता है।इस समस्या के समाधान के लिए इस तिराहे पर एक वैली ब्रिज (Bailey Bridge) बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। वैली ब्रिज बनने से नैनीताल और भीमताल की तरफ आने-जाने वाले वाहन आपस में नहीं उलझेंगे और यातायात बिना रुके चलता रहेगा। मंत्री ने एनएच और वन विभाग को इस क्षेत्र का संयुक्त सर्वे कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने को कहा है। इसके साथ ही, उन्होंने यह भी घोषणा की कि गुलाबघाटी के चौड़ीकरण (Widening) का प्रस्ताव जल्द ही स्वीकृत कर वहां काम शुरू कर दिया जाएगा।
निगलाट में बनेगी नई पार्किंग, भवाली-कैंचीधाम मार्ग होगा चौड़ा
हाईवे पर वाहनों की अवैध पार्किंग जाम का एक मुख्य कारण है। इसे दूर करने के लिए मंत्री ने निगलाट के पास स्थित वन विभाग की नर्सरी की खाली जमीन पर बड़ी पार्किंग विकसित करने का निर्देश दिया है। इसके लिए एनएच और फॉरेस्ट डिपार्टमेंट संयुक्त रूप से सर्वे करेंगे। इसके अलावा, भवाली से कैंचीधाम तक सड़क चौड़ीकरण के लिए भी वन विभाग के साथ तालमेल बिठाकर जल्द सर्वे पूरा करने की हिदायत दी गई है।कुमाऊं क्षेत्र के लिए एक और बड़ी खुशखबरी देते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री ने बताया कि बहुप्रतीक्षित गौलापार-लालकुआं बाईपास (Gaulapar-Lalkuan Bypass) के टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। आगामी डेढ़ वर्ष (18 महीने) के भीतर इस बाईपास का निर्माण कार्य पूरी तरह संपन्न कर लिया जाएगा, जिससे हल्द्वानी शहर को भी ट्रैफिक के भारी दबाव से बड़ी राहत मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री की आम जनता से अपील
बैठक के अंत में केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने स्थानीय निवासियों और बाहर से आने वाले पर्यटकों व श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। उन्होंने कहा कि लोग पर्वतीय मार्गों पर सड़कों के किनारे अपने वाहन पार्क न करें। वाहनों को केवल शासन द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें, ताकि पहाड़ों की लाइफलाइन कहे जाने वाले इन मार्गों को पूरी तरह जाम-मुक्त रखा जा सके।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद: इस महत्वपूर्ण बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजूनाथ टीसी, प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) आकाश गंगवार, आरटीओ अरविंद कुमार पाण्डे, एनएच के अधीक्षण अभियंता राजेश पाण्डे, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रतनेश, उपजिलाधिकारी (SDM) मोनिका, सहायक अभियंता प्रमोद सुयाल समेत पुलिस, वन विभाग और प्रशासनिक अमले के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
