नंदा देवी महोत्सव पर भवाली में रूट डायवर्ट, घर से निकलने से पहले देख लें पुलिस का यह नया ट्रैफिक प्लान

यात्री ध्यान दें: 16 और 23 सितंबर को भवाली बाजार में भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद

जाम से बचने के लिए पुलिस ने जारी किए ये वैकल्पिक मार्ग

नैनीताल/भवाली। (Bhowali Traffic Diversion ) उत्तराखंड के प्रसिद्ध माँ नन्दा देवी महोत्सव के पावन अवसर पर भवाली और नैनीताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। 16 सितंबर 2026 को कदली वृक्ष स्थापना दिवस और 23 सितंबर 2026 को डोला विसर्जन व भव्य झांकी के मौके पर भवाली शहर में वाहनों का दबाव बहुत ज्यादा बढ़ जाता है। आम जनता और पर्यटकों को जाम की समस्या से बचाने तथा कानून व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए नैनीताल पुलिस ने एक विस्तृत Bhowali Traffic Diversion प्लान लागू किया है।

इन दोनों विशेष तिथियों पर भवाली बाजार क्षेत्र में भारी और यात्री वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। अगर आप भी इन तारीखों में पहाड़ों की तरफ रुख कर रहे हैं, तो पुलिस द्वारा जारी किए गए इन नए रूटों को ध्यान से पढ़ लें ताकि आपको रास्ते में कोई परेशानी न हो।

यह भी पढ़ें:  Nainital Rain Update: नैनीताल में भारी बारिश, 14 मार्ग बंद, नैनीझील के खोले गेट

रामगढ़ और घोड़ाखाल से आने वाले वाहन

रामगढ़ या घोड़ाखाल की तरफ से आने वाले ऐसे सभी वाहन जो हल्द्वानी, काठगोदाम जैसे मैदानी इलाकों या फिर नैनीताल की ओर जाना चाहते हैं, उन्हें जरूरत के अनुसार श्यामखेत से डायवर्ट कर दिया जाएगा। ये वाहन घोड़ाखाल मंदिर होते हुए घोड़ाखाल तिराहा से नैनी बैण्ड प्रथम से अपने गंतव्य को जाएंगे। इस दौरान भवाली बाजार में किसी भी अनावश्यक वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा।

खैरना और कैंची धाम की तरफ से आने वाले वाहन

अल्मोड़ा, रानीखेत या कैंची धाम (खैरना) की ओर से आने वाले जो वाहन मैदान या नैनीताल जाना चाहते हैं, उन्हें शिप्रा पुल भवाली से डायवर्ट किया जाएगा। यहाँ से इन वाहनों को सैनेटोरियम बाईपास मोटर मार्ग से आगे भेजा जाएगा। वहीं मुक्तेश्वर या भीमताल जाने वाले वाहनों को ट्रैफिक के हिसाब से नैनी बैण्ड द्वितीय और नैनी बैण्ड प्रथम वाले वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा।

यह भी पढ़ें:  नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोगांव के पास पहाड़ी से गिरा भारी मलबा, वन-वे हुआ यातायात

ज्योलीकोट और नैनीताल की तरफ से आने वाले वाहन

मैदानी इलाकों या नैनीताल से आकर अल्मोड़ा और रानीखेत जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड द्वितीय सेनेटोरियम बाईपास मार्ग से शिप्रा पुल भवाली की तरफ मोड़ा जाएगा। इसके अलावा मुक्तेश्वर और भीमताल जाने वाले वाहनों को भी नैनी बैण्ड द्वितीय से नैनी बैण्ड प्रथम की तरफ संचालित किया जाएगा। भवाली बाजार में इनका प्रवेश बंद रहेगा।

भीमताल की ओर से आने वाले वाहन

भीमताल की ओर से आकर अल्मोड़ा, रानीखेत या कैंची धाम जाने वाले समस्त वाहनों को नैनी बैंड प्रथम सेनेटोरियम बाईपास मोटर मार्ग से होते हुए शिप्रा पुल भवाली की ओर भेजा जाएगा।

आपातकालीन और आवश्यक सेवाओं के लिए सुरक्षित कॉरिडोर

इस Bhowali Traffic Diversion प्लान के दौरान एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड (अग्निशमन वाहन), पुलिस की गाड़ियां, आपदा राहत टीम और आवश्यक सामग्रियां जैसे दूध, सब्जी और राशन के वाहनों को बिना किसी रोक-टोक के जाने दिया जाएगा। पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि आपातकालीन स्थिति में इन वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत रास्ता दिया जाए।

यह भी पढ़ें:  सड़क पर मलबा, हाईवे पर जाम... जब अचानक 'ग्राउंड जीरो' पर खुद उतरे नैनीताल SSP, देखें फिर क्या हुआ!

पार्किंग को लेकर पुलिस की सख्त चेतावनी

नैनीताल पुलिस ने साफ किया है कि मुख्य बाजार और आयोजन स्थल के पास सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करने पर सख्त कार्रवाई होगी। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे अपनी गाड़ियाँ केवल नगरपालिका मैदान भवाली या रोडवेज पार्किंग भवाली में बने निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ी करें। भीड़ बढ़ने पर ट्रैफिक को चरणबद्ध (स्टेप बाय स्टेप) तरीके से रोका या डायवर्ट किया जाएगा।पुलिस प्रशासन ने सभी स्थानीय नागरिकों, देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे माँ नन्दा देवी महोत्सव को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने में सहयोग करें। हर प्रमुख चौराहे और डायवर्जन पॉइंट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा, इसलिए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन अवश्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *