CM Pushkar Singh Dhami के नेतृत्व में उत्तराखंड पुलिस के नाम दर्ज हुई ऐतिहासिक उपलब्धि, अलंकरण समारोह में अमित शाह ने देवभूमि के जवानों को सौंपा ‘राष्ट्रपति पुलिस निशान’

देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड के इतिहास में आज का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया है। सूबे के मुख्यमंत्री CM Pushkar Singh Dhami और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह की गरिमामयी उपस्थिति में देहरादून की रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित एक भव्य और ऐतिहासिक समारोह के दौरान उत्तराखंड पुलिस को देश के सबसे प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस निशान’ (President’s Colour) से अलंकृत किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भव्य पुलिस परेड का निरीक्षण किया और राज्य पुलिस बल को इस सर्वोच्च सम्मान से नवाजा।

उत्तराखंड पुलिस को यह प्रतिष्ठित सम्मान उसके पिछले 25 वर्षों की गौरवशाली सेवा, बेदाग अनुशासन, अद्वितीय कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट जनसेवा के कार्यों के सम्मान में प्रदान किया गया है। इस गौरवमयी उपलब्धि के साथ ही उत्तराखंड अब देश का 16वां ऐसा राज्य बन गया है, जिसकी पुलिस को यह सर्वोच्च सम्मान प्राप्त हुआ है। यह अलंकरण न केवल पुलिस महकमे का गौरव बढ़ाता है, बल्कि संपूर्ण उत्तराखंड के नागरिकों के लिए एक ऐतिहासिक और अविस्मरणीय क्षण है।

विशिष्ट सेवा के लिए पुलिस अधिकारियों को मिले पदक और डाक आवरण का विमोचन

समारोह के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री CM Pushkar Singh Dhami ने पुलिस बल के मनोबल को बढ़ाते हुए कई अधिकारियों को विशिष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया।

• राष्ट्रपति पदक (विशिष्ट सेवा): सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक श्री नारायण सिंह नपलच्याल एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री वंश बहादुर यादव को प्रदान किया गया।

• सराहनीय सेवा पदक: पुलिस अधीक्षक श्री जगदीश चन्द्र, सहायक सेनानायक श्रीमती प्रतिमा भट्ट एवं सेवानिवृत्त उप निरीक्षक अभिसूचना श्री शौकार पुण्डीर को सम्मानित किया गया।

इस ऐतिहासिक पल को हमेशा के लिए यादगार बनाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड पुलिस के विशेष डाक आवरण (Special Postage Cover) एवं आधिकारिक पुलिस पत्रिका का भी विमोचन किया। इस दौरान पुलिस लाइन का पूरा परिसर देश भक्ति के नारों और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

सेवा और समर्पण से बनाई विशिष्ट पहचान: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

उत्तराखंड पुलिस बल को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राष्ट्रपति पुलिस निशान प्राप्त होना देवभूमि के प्रत्येक पुलिस अधिकारी और जवान के लिए जीवन का सबसे बड़ा गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पुलिस ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सेवा भाव और अनुशासन से देश में एक विशिष्ट पहचान बनाई है।गृह मंत्री ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता और चारधाम जैसे पवित्र धार्मिक स्थलों के कारण पूरे विश्व में एक विशेष स्थान रखता है। हर साल करोड़ों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और कुंभ जैसे विशाल आयोजनों का सफल और सुरक्षित संचालन उत्तराखंड पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी रही है, जिसे जवानों ने पूरी निष्ठा और मुस्तैदी से निभाया है।गृह मंत्री ने कानून व्यवस्था में डिजिटल क्रांति और त्वरित न्याय का लक्ष्य साझा करते हुए बताया कि मई 2027 के बाद देश में दर्ज होने वाली सभी एफआईआर (FIR) के मामलों में तीन वर्ष के भीतर दोषियों को सजा दिलाने का एक ऐतिहासिक लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए देश और राज्य की पुलिस, अदालतों, अभियोजन (Prosecution) और जेलों को पूरी तरह से डिजिटल माध्यम से आपस में जोड़ा जा रहा है, जिससे आम जनता को बिना किसी देरी के समयबद्ध न्याय मिल सकेगा।

यह भी पढ़ें:  CM Pushkar Singh Dhami का निर्देश, 19 अक्टूबर को उत्तराखण्ड में बंद रहेंगे दफ्तर और बैंक

वीर शहीदों को श्रद्धांजलि और 26 हजार जवानों का गौरवशाली सफर

केंद्रीय गृह मंत्री ने उत्तराखंड पुलिस के उन 206 वीर जवानों को गहरी श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि लगभग 13 हजार जवानों से शुरू हुई उत्तराखंड पुलिस की यात्रा आज 26 हजार से अधिक जवानों तक पहुंच चुकी है। राज्य की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, प्राकृतिक आपदाओं और लगातार बढ़ती पर्यटकों की संख्या के बीच पुलिस ने हमेशा साहस, संवेदनशीलता और समर्पण का परिचय दिया है। आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों में पुलिस के जवानों की भूमिका सदैव सराहनीय रही है।

गृह मंत्री ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सीमांत क्षेत्रों के विकास और पलायन को रोकने के लिए संचालित ‘वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम’ की सफलता में उत्तराखंड पुलिस एक महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच और सहयोगी की भूमिका निभा रही है। इसके साथ ही, उन्होंने विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेलों में उत्तराखंड पुलिस के खिलाड़ियों द्वारा 37 पदक जीतने पर पूरे बल को बधाई दी। उन्होंने मुख्यमंत्री CM Pushkar Singh Dhami के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विकास के साथ सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना भी आवश्यक है।

CM Pushkar Singh Dhami का विजन: 14% महिला शक्ति और कड़े कानून

मुख्यमंत्री CM Pushkar Singh Dhami ने उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस निशान प्राप्त होने पर सभी अधिकारियों एवं जवानों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उत्तराखंड पुलिस के साहस, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा को मिली राष्ट्रीय मान्यता है। यह उपलब्धि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था लगातार सुदृढ़ हुई है।

मुख्यमंत्री ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि देश की पहली महिला पुलिस महानिदेशक (DGP) स्वर्गीय श्रीमती कंचन चौधरी भट्टाचार्य ने उत्तराखंड पुलिस का नेतृत्व किया था, जो राज्य के लिए एक गौरवमयी विरासत है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आज उत्तराखंड पुलिस में महिलाओं की भागीदारी लगभग 14 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है, जो महिला सशक्तिकरण का एक जीवंत उदाहरण है।

यह भी पढ़ें:  EVM Warehouse Joint Inspection संपन्न: हल्द्वानी में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, 23 अक्टूबर से शुरू होगी FLC प्रक्रिया

मुख्यमंत्री CM Pushkar Singh Dhami ने राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए बताया कि ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के अंतर्गत पिछले चार वर्षों में पुलिस ने अभूपूर्व सफलता हासिल की है। इस दौरान 7 हजार से अधिक नशा तस्करों व आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और 307 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के अवैध मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ‘ऑपरेशन स्माइल’ के तहत गुमशुदा बच्चों को अपनों से मिला रही है और ‘ऑपरेशन मुक्ति’ के माध्यम से भिक्षावृत्ति में फंसाए गए बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ रही है।

मुख्यमंत्री ने दृढ़ता से कहा कि उत्तराखंड सरकार कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी का परिणाम है कि प्रदेश में देश का सबसे कड़ा समान नागरिक संहिता (UCC), धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगारोधी कानून लागू किए गए हैं। साथ ही, सरकारी भूमि को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए बड़े पैमाने पर ऐतिहासिक कार्रवाई की गई है।

डीजीपी का ऐतिहासिक वक्तव्य: अतीत का परिश्रम, वर्तमान का दायित्व और भविष्य का संकल्प

समारोह के समापन अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के महानिदेशक (DGP) ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए एक अत्यंत भावुक और प्रेरणादायी वक्तव्य दिया। उन्होंने कहा, “यह वर्ष राज्य स्थापना दिवस समारोह का यह गौरवपूर्ण अवसर उत्तराखंड पुलिस के लिए भी एक विशेष ऐतिहासिक उपलब्धि का साक्षी बन रहा है। ‘राष्ट्रपति पुलिस निशान’ से अलंकृत होना हमारे लिए केवल एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान की प्राप्ति नहीं, बल्कि उत्तराखंड पुलिस की गौरवशाली सेवा परंपरा, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, अदम्य साहस और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण का राष्ट्रीय स्तर पर अनुमोदन एवं सम्मान है। यह सम्मान हमारे प्रत्येक पुलिसकर्मी के परिश्रम, त्याग और समर्पण का प्रतीक है।

“उन्होंने माननीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कर-कमलों से उत्तराखंड पुलिस को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त होना विशेष गौरव का विषय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति पुलिस निशान किसी बल के लिए केवल एक औपचारिक प्रतीक नहीं होता, बल्कि यह उस चरित्र का परिचायक होता है, जो कठिन परिस्थितियों में भी कर्तव्य से विमुख नहीं होता। यह उस अनुशासन का प्रतीक है जो जनहित को व्यक्तिगत हित से ऊपर रखता है और उस विश्वास का परिचायक है जिसे पुलिस अपने आचरण से अर्जित करती है।

दुर्गम हिमालयी भूगोल और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की चुनौतियां

उत्तराखंड पुलिस की विशिष्ट परिस्थितियों पर प्रकाश डालते हुए डीजीपी ने कहा कि यह निशान हमारे अतीत के परिश्रम का सम्मान, वर्तमान के दायित्वों का स्मरण और भविष्य की उत्कृष्टता का संकल्प है। उन्होंने कहा, “उत्तराखंड पुलिस के लिए यह सम्मान इसलिए भी विशिष्ट है, क्योंकि हमारी कार्यभूमि जितनी सुंदर और आध्यात्मिक है, उतनी ही चुनौतीपूर्ण और संवेदनशील भी है। हिमालय की दुर्गम पर्वत शृंखलाएँ, कठिन मौसम, दूरस्थ गाँव, अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से लगे क्षेत्र, देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक तथा प्राकृतिक आपदाओं की आशंका—इन सबके बीच पुलिस को निरंतर सतर्कता, तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होता है।

यह भी पढ़ें:  Haldwani Traffic Police Action 2026: हल्द्वानी में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के कड़े निर्देश पर पुलिस का महाअभियान, 3 वोल्वो बसें सीज, 73 वाहनों के चालान और सड़कों से हटा अवैध अतिक्रमण

“उन्होंने आगे कहा कि एक ओर प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती होती है, वहीं दूसरी ओर चारधाम यात्रा, कुंभ मेला, कांवड़ यात्रा और अन्य बड़े आयोजनों में लाखों लोगों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करनी होती है। किसी आपदा के समय पुलिस की भूमिका जीवन बचाने, राहत पहुँचाने और संकटग्रस्त लोगों के लिए भरोसे का आधार बनने तक विस्तृत हो जाती है। इन सभी दायित्वों के निर्वहन में उत्तराखंड पुलिस का प्रत्येक सदस्य अपना अमूल्य योगदान देता है। कार्यस्थल अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन हम सभी का उद्देश्य एक ही है—जनता की सुरक्षा और कानून के शासन की स्थापना।

बदलता स्वरूप: साइबर अपराध, ड्रग्स तस्करी और ‘कर्म, सत्यं, शौर्यं’ का संकल्प

वर्तमान समय में अपराध के बदलते तरीकों पर बात करते हुए पुलिस नेतृत्व ने स्वीकार किया कि आज पुलिसिंग का स्वरूप भी तेजी से बदल रहा है। साइबर अपराध, डिजिटल वित्तीय धोखाधड़ी, संगठित अपराध और नशा तस्करी जैसी चुनौतियां पारंपरिक पुलिसिंग से आगे की क्षमताओं की माँग करती हैं। मुख्यमंत्री CM Pushkar Singh Dhami के डिजिटल विजन के तहत उत्तराखंड पुलिस आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक अनुसंधान, बेहतर प्रशिक्षण और अंतर-एजेंसी समन्वय को अपनाते हुए स्वयं को अधिक दक्ष, सक्षम और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में निरंतर अग्रसर है।

इसी क्रम में नरेंद्रनगर स्थित पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (PTC) को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जा रहा है और स्टेट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर की स्थापना की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।अंत में, पुलिस बल की ओर से यह दृढ़ संकल्प व्यक्त किया गया कि आज का यह सम्मान उन सभी पुलिसकर्मियों का है, जो कठिन परिस्थितियों में भी कर्तव्यपथ पर अडिग रहते हैं; उन परिवारों का है, जो उनका संबल बनते हैं; और उन सभी का है, जिनके विश्वास से पुलिस सेवा को सार्थकता प्राप्त होती है। उत्तराखंड पुलिस इस ‘राष्ट्रपति निशान’ के सम्मान को अपने आचरण और कार्यकुशलता से निरंतर नई ऊँचाइयों पर ले जाएगी। सभी जवान ‘कर्म, सत्यं, शौर्यं’ के ध्येय वाक्य को आत्मसात करते हुए प्रदेशवासियों की सुरक्षा और जनसेवा के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा और समर्पण से करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *