नैनीतालNainital Traffic Jam। सरोवर नगरी नैनीताल में लगातार बढ़ती वाहनों की संख्या और बेपटरी होती यातायात व्यवस्था अब स्थानीय निवासियों और पर्यटकों के लिए बड़ी मुसीबत बन चुकी है। शहर के मल्लीताल क्षेत्र में चीना बाबा मंदिर से लेकर बी.डी. पांडेय जिला अस्पताल (वाया रॉयल होटल, मोहन को. मार्ग) तक संकरी सड़क होने के बावजूद वाहनों के अत्यधिक दबाव और विपरीत दिशा से आने वाले दोपहिया वाहनों के कारण रोजाना दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस गंभीर जनसमस्या के स्थाई समाधान को लेकर सामाजिक संगठन ‘जनहित संस्था नैनीताल’ का एक शिष्टमंडल बुधवार को जिलाधिकारी से मिला और उन्हें त्वरित सकारात्मक कार्रवाई के लिए ज्ञापन सौंपा।
नैनीताल का चीना बाबा मंदिर से बी.डी. पांडेय अस्पताल मार्ग शहर की लाइफलाइन माना जाता है, क्योंकि जिला अस्पताल होने के कारण एम्बुलेंस से लेकर मरीजों के वाहनों की आवाजाही इसी मार्ग से होती है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह मार्ग बेहद संकरा है। इसके बावजूद इस मार्ग पर क्षमता से अधिक वाहनों का दबाव रहता है। सबसे बड़ी समस्या विपरीत दिशा (रोंग साइड) से आने वाले दोपहिया वाहन चालकों के कारण पैदा हो रही है। यातायात नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाते हुए ये वाहन चालक पैदल चलने वाले राहगीरों और सामने से आ रहे बड़े वाहनों के लिए काल साबित हो रहे हैं। संस्था की हालिया बैठक में भी यह बात सामने आई थी कि इस अव्यवस्था के चलते पिछले कुछ समय में कई बुजुर्ग, बच्चे और राहगीर चोटिल हो चुके हैं, जिससे स्थानीय जनता में गहरा आक्रोश है।
तीन माह बाद दोबारा जिलाधिकारी की चौखट पर पहुंची संस्था
जनहित संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर तीन माह पूर्व भी जिलाधिकारी नैनीताल को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया था। परंतु, लंबे समय के बाद भी धरातल पर कोई ठोस या प्रभावी कार्रवाई नहीं दिखाई दी, जिसके कारण सड़क पर हादसों का सिलसिला बदस्तूर जारी रहा। इसी के अनुक्रम में संस्था की कार्यकारिणी ने पुनः जिलाधिकारी से वार्ता करने का निर्णय लिया।बुधवार को संस्था के अध्यक्ष श्री सुरेन्द्र चौधरी के कुशल मार्गनिर्देशन में और प्रोफेसर ललित तिवारी के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय शिष्टमंडल जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा।
शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी को पूर्व में दिए गए ज्ञापन की याद दिलाई और बताया कि किस तरह प्रशासनिक ढील के कारण मल्लीताल की इस सड़क पर चलना दूभर हो गया है। प्रोफेसर ललित तिवारी ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि इस संकरे मार्ग पर यातायात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती की जाए और विपरीत दिशा से आने वाले वाहनों के चालान काटने जैसी सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए।
माल रोड पर सांध्यकालीन ई-रिक्शा संचालन पर रोक लगाने की मांग
जिलाधिकारी से वार्ता के दौरान शिष्टमंडल ने नैनीताल की प्रसिद्ध माल रोड पर संचालित हो रहे ई-रिक्शाओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। संस्था के महासचिव महेश चन्द्र आर्य ने जिलाधिकारी के संज्ञान में लाते हुए कहा कि शाम के समय जब माल रोड को वाहनों के लिए बंद कर दिया जाता है और इसे पूरी तरह पर्यटकों व स्थानीय नागरिकों के टहलने (पैदल चलने) के लिए खोला जाता है, उस प्रतिबंधित समय में भी माल रोड पर धड़ल्ले से ई-रिक्शाओं का संचालन किया जा रहा है। सांध्यकालीन समय में माल रोड पर पर्यटकों की भारी भीड़ होती है, ऐसे में तेज रफ्तार ई-रिक्शाओं के चलने से राहगीरों के टकराने और चोटिल होने का खतरा अत्यधिक बढ़ जाता है। शिष्टमंडल ने मांग की कि शाम के समय माल रोड खुलने के बाद ई-रिक्शाओं के प्रवेश को पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाना चाहिए ताकि नैनीताल की पारंपरिक माल रोड की संस्कृति और सुरक्षा बनी रहे।
जिलाधिकारी ने दिया सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन
जनहित संस्था के शिष्टमंडल की बातों को जिलाधिकारी नैनीताल ने बेहद गंभीरता से सुना। उन्होंने माना कि अस्पताल मार्ग होने के कारण इस संवेदनशील क्षेत्र में यातायात का सुचारू होना अत्यंत आवश्यक है। जिलाधिकारी ने शिष्टमंडल को आश्वस्त किया कि इस पूरे प्रकरण की समीक्षा की जाएगी और संबंधित अधिकारियों (एआरटीओ और यातायात पुलिस) को निर्देशित कर इस संकरे मार्ग पर रोंग साइड ड्राइविंग को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। साथ ही उन्होंने माल रोड पर शाम के समय ई-रिक्शा संचालन के नियमों को भी कड़ाई से लागू करने का भरोसा दिया। जिलाधिकारी से मिले इस सकारात्मक आश्वासन के बाद संस्था ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही नैनीताल वासियों को इस जाम और हादसों के डर से मुक्ति मिलेगी। इस शिष्टमंडल में मुख्य रूप से संस्था के महासचिव महेश चन्द्र आर्य एवं महिला प्रतिनिधि जीवंती भट्ट सहित कई अन्य सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे।
