भीमताल। Uttarakhand nyay yatra bhimtal विधानसभा के अंतर्गत विकासखंड भीमताल में आज पूरी भव्यता और जन-आक्रोश के साथ संपन्न हुई, जहां जनहित के ज्वलंत मुद्दों को लेकर हजारों कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता का हुजूद सड़कों पर उमड़ पड़ा। उत्तराखंड की सियासत में जनता के अधिकारों की रक्षा और बुनियादी समस्याओं को उठाने के उद्देश्य से शुरू हुई कांग्रेस की यह ‘uttarakhand nyay yatra bhimtal’ (वोट बचाओ, देश बचाओ) अब लगातार राज्य सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है।
कुमाऊं मंडल के ऐतिहासिक न्यायकारी चितई गोल्ज्यू मंदिर (अल्मोड़ा) से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई यह यात्रा रानीखेत, खैरना और भवाली होते हुए जैसे ही भीमताल पहुंची, वैसे ही स्थानीय नेताओं, व्यापारियों और मातृशक्ति ने यात्रा का ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ ऐतिहासिक स्वागत किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र ‘जय कांग्रेस, विजय कांग्रेस’ और ‘अंकिता भंडारी को न्याय दो’ के नारों से पूरी तरह गुंजायमान हो उठा। यह पूरी पदयात्रा नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल और लाखन सिंह नेगी के संयुक्त और सशक्त नेतृत्व में आयोजित की गई।
अंकिता भंडारी हत्याकांड और महिला सुरक्षा पर तीखे बाण
जनसभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता प्रतिबद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार अंकिता के दोषियों और इस मामले के मुख्य ‘वीआईपी’ चेहरे को बचाने का प्रयास कर रही है। उत्तराखंड न्याय यात्रा का मूल उद्देश्य राज्य की बेटियों को सुरक्षित माहौल देना और अंकिता के परिवार को हक दिलाना है। वक्ताओं ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।

‘वोट चोरी’ और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमला
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने जनता को संबोधित करते हुए ‘वोट चोरी’ के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आज लोकतंत्र और मतदाताओं के संवैधानिक अधिकारों के साथ खिलवाड़ हो रहा है। जनता जिसे चुनना चाहती है, सत्ता के रसूख से उन जनादेशों को बदलने की कोशिशें की जा रही हैं। यह यात्रा सिर्फ राजनीतिक जमीन तलाशने के लिए नहीं, बल्कि उत्तराखंड के नागरिकों के लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए ‘न्याय की लड़ाई’ है।
महंगाई, बेरोजगारी और बदहाल स्वास्थ्य सेवाएं मुख्य एजेंडा
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल और उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने राज्य सरकार की आर्थिक नीतियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का युवा आज भर्ती घोटालों और बेरोजगारी की मार झेल रहा है। पहाड़ों से लगातार हो रहा पलायन राज्य की डेमोग्राफी और विकास दोनों के लिए खतरनाक साबित हो रहा है। इसके साथ ही, पहाड़ों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की बदहाली, डॉक्टरों की कमी और बुनियादी चिकित्सा सुविधाओं के अभाव को लेकर भी जनता के हक में आवाज बुलंद की गई।
जनता से जुड़ रहा है न्याय यात्रा का कारवां
जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल और स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि कुमाऊं मंडल के ऐतिहासिक चितई गोल्ज्यू मंदिर (अल्मोड़ा) से शुरू हुई इस न्याय यात्रा को हर गांव और कस्बे में जनता का भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है। खैरना, भवाली से होते हुए भीमताल पहुंची इस यात्रा ने यह साबित कर दिया है कि उत्तराखंड की जनता अब चुप बैठने वाली नहीं है। वह बुनियादी सुविधाओं, रोजगार और अपनी अस्मिता की रक्षा के लिए कांग्रेस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
सभा के अंत में कांग्रेस नेताओं ने संकल्प लिया कि जब तक सरकार अंकिता भंडारी के हत्यारों को उनके किए की सजा नहीं दे देती और राज्य से भ्रष्टाचार, बेरोजगारी व महंगाई का खात्मा नहीं हो जाता, तब तक यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है।
