हल्द्वानी में गर्दन के दर्द का इलाज कराने हकीम के पास पहुंची 30 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान मूल रूप से पिथौरागढ़ निवासी मीनाक्षी के रूप में हुई है, जो वर्तमान में हल्द्वानी के दमुवाढूंगा क्षेत्र में रह रही थीं।
परिजनों का आरोप है कि हकीम ने पहले महिला की गर्दन की मालिश की और फिर उसे जोर से हिला दिया, जिसके तुरंत बाद महिला बेहोश हो गई और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पति रामचंद्र के अनुसार, मीनाक्षी पिछले 4-5 महीनों से गर्दन के दर्द से पीड़ित थी और सुशीला तिवारी अस्पताल से उसका इलाज चल रहा था, जहां उसकी सेहत में सुधार भी हो रहा था। इस बीच वे हकीम के पास चले गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।