Nainital News: एक साल बाद वाहन दौड़ेंगे, लोअर मॉल रोड के अस्थायी रैंप टूटने शुरू, कल से पैदल और कुछ दिनों बाद वाहनों की होगी आवाजाही

नैनीताल की ऐतिहासिक लोअर मॉल रोड एक साल बाद कल से यातायात के लिए चरणबद्ध तरीके से खुलने जा रही है। भू-धंसाव के कारण क्षतिग्रस्त हुए इस मार्ग का ₹3.48 करोड़ की लागत से आधुनिक ‘माइक्रो पाइलिंग’ तकनीक द्वारा स्थायी ट्रीटमेंट पूरा कर लिया गया है। लोनिवि द्वारा सड़क पर बनाए गए अस्थायी रैंपों को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। अधिशासी अभियंता रत्नेश सक्सेना के अनुसार, सोमवार से यह मार्ग सबसे पहले पैदल यात्रियों के लिए खोला जाएगा, जिसके ठीक कुछ दिनों बाद सभी प्रकार के वाहनों की सुचारू आवाजाही भी शुरू कर दी जाएगी, जिससे शहर को भीषण जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

डोला भ्रमण के लिए 23 सितंबर को अस्थायी रूप से खुलेगी नैनीताल की लोअर मॉलरोड, 10 अक्टूबर से दौड़ेंगे वाहन

नैनीताल की प्रसिद्ध लोअर माल रोड पर चल रहा निर्माण कार्य नंदा देवी महोत्सव के डोला भ्रमण के लिए 23 सितंबर को अस्थायी रूप से रोका जाएगा। लोनिवि के अधिशासी अभियंता रत्नेश सक्सेना ने बताया कि 10 अक्टूबर से सड़क को यातायात के लिए पूरी तरह खोल दिया जाएगा।